हवा हूँ धूप हूँ बारिश हूँ या घटा हूँ मैं
निगाह-ए-यार में कोई बताए क्या हूँ मैं
हदीस-ए-इश्क़ हूँ और पैकर-ए-वफ़ा हूँ मैं
वो जानता ही नहीं है कि आइना हूँ मैं
मिटा न पाएगी दुनिया इसे क़यामत तक
लिखी जो ख़ूँ से वो रूदाद-ए-कर्बला हूँ मैं
तुम्हें ये कैसा तरद्दुद है मुझ तक आने में
तुम्हारे वास्ते मंज़िल हूँ रास्ता हूँ मैं
हवा के दोष पे कब से सवार हूँ लेकिन
ज़माना फिर भी समझता है ख़ाक-ए-पा हूँ मैं
रह-ए-वफ़ा में सरकती नहीं जो सर से कभी
वो सब्र-ओ-ज़ब्त की ईसार की रिदा हूँ मैं
ख़ुदा का शुक्र है 'रेशम' ज़माने वालों को
ये रश्क है कि चराग़ों का सिलसिला हूँ मैं








