ये अदब का है सफ़र और सफ़र में हूँ मैं
बन के अल्फ़ाज़ तिरी राहगुज़र में हूँ मैं
मैं हूँ वो ख़ाक दुआओं ने उड़ाया जिस को
अब वहाँ हूँ कि सितारों की नज़र में हूँ मैं
मैं जली शम्अ सी तो शाम ने थामा दामन
अब मिरा कोई नहीं है कि सहर में हूँ मैं
मैं वही कश्ती हूँ हाँ हाँ वही बेबस कश्ती
कल थी तूफ़ाँ में घिरी आज भँवर में हूँ मैं
कौन सी शय मह-ए-ताबाँ किए जाती है मुझे
रात इतना तो बता किस के असर में हूँ मैं
मेरी क़िस्मत में ये गहराई सदा थी 'रेशम'
हाँ जिगर में थी कि अब दर्द-ए-जिगर में हूँ मैं








