शहर में हज़रत-ए-दिल चाक-ए-गरेबाँ कैसा
होश में आओ भला घर में बयाबाँ कैसा
खुल गए ज़ख़्म ख़याल-ए-लब-ए-ख़ंदाँ कैसा
और बढ़ जाए अगर दर्द तो दरमाँ कैसा
क़त्अ जामा हुआ दामन के क़रीं चाक सिले
देखिए रहता है अंदाज़-ए-गरेबाँ कैसा
दिल जिगर से है अलग और जिगर जाँ से अलग
आज एक मजमा का मजमा है परेशाँ कैसा
ख़ाक-ए-आशिक़ है कि उठ उठ के क़दम लेती है
और वो जाता है उठाए हुए दामाँ कैसा
मय-कशों का है ख़ुदा हफ़िज़-ओ-नासिर हर दम
कश्ती-ए-मय के लिए नूह का तूफ़ाँ कैसा
दिल में कुछ इश्क़-ए-सनम तिल के बराबर ही सही
कुफ़्र इतना भी न हो जिस में मुसलमाँ कैसा
मुज़्दा ऐ दस्त-ए-जुनूँ जामा अभी बाक़ी है
चाक-ए-दामन से निकल आया गरेबाँ कैसा
हो चुका हश्र क़यामत का ज़माना गुज़रा
था इलाही बुत-ए-बद-अहद का पैमाँ कैसा
'शो'ला' पीरी में किसी ज़ुल्फ़ का सौदा क्या ख़ूब
सुब्ह के वक़्त है ये ख़्वाब-ए-परेशाँ कैसा








