सूरत-ए-ग़ुंचा नहीं रखते हैं ज़र मुट्ठी में
कोई ले लो लिए फिरते हैं जिगर मुट्ठी में
हाथ गर पैरहन-ए-चुस्त का मज़मूँ आए
ऐसा बाँधूँ तिरी आ जाए कमर मुट्ठी में
ले के छू कर दिया दिल मेरा ये मंतर क्या था
है मगर कोई तो जादू का असर मुट्ठी में
अक़रबा को न शिकायत न अज़ीज़ों को गिला
कर लिया ग़ैर ने उस शोख़ का घर मुट्ठी में
हाथ मलते ही रहे अहल-ए-क़फ़स दुनिया के
उड़ गया ताइर-ए-जाँ रह गए पर मुट्ठी में
दस्त-ए-सय्याद से फिर क्या हो रिहाई की उमीद
ज़ब्ह करता है मुझे दाब के पर मुट्ठी में
हाथ में है वो सफ़ाई वो कशिश नज़रों में
आँख इधर दिल पे पड़ी आया उधर मुट्ठी में
हाथ क्या हम को दिखाते हो नज़र ले भी उड़ी
शर्त हम बाँधते हैं दिल हुआ गर मुट्ठी में
क्या दुर-ए-अश्क ने ऐ 'शो'ला' लुटाए मोती
दीदा-ए-तर की बदौलत हैं गुहर मुट्ठी में








