हुए अब तो ख़ंजर उठाने के क़ाबिल
बने हो गले से लगाने के क़ाबिल
नहीं दीदा-ए-तर बहाने के क़ाबिल
हर आँसू है मोती लुटाने के क़ाबिल
वो आए तो कब आए पर्दे से बाहर
हुआ जब मैं उन से छुपाने के क़ाबिल
हम अपनी ही दीवार से फोड़ मरते
अगर सर ही होता उठाने के क़ाबिल
ज़मीं पर से अहल-ए-जहाँ को हटा दो
जगह छोड़ दो तिलमिलाने के क़ाबिल
अभी से मिरी जान ग़ैरों से वा'दे
अभी हो तो लो आने जाने के क़ाबिल
तबस्सुम से क्या ख़ंदा-ए-गुल को निस्बत
कहीं मुँह भी है मुस्कुराने के क़ाबिल
ख़ुदा के लिए गेसूओं को न बल दो
ये मूज़ी नहीं सर चढ़ाने के क़ाबिल
मिरी क़ैस की कोहकन की कहानी
ये क़िस्से हैं सुनने सुनाने के क़ाबिल
न आए कहीं मौत इश्क़-ए-बुताँ में
इलाही रहें मुँह दिखाने के क़ाबिल
दिल-ए-सोख़्ता ख़ाल-ए-हिन्दू पे माइल
मुसलमाँ का मुर्दा जलाने के क़ाबिल
बुतों से उमीद-ए-वफ़ा कब है 'शो'ला'
ज़माना नहीं दिल लगाने के क़ाबिल








