दिखा दीदार ऐ दिलदार मेरे
मिरे मोनिस अरे ग़म-ख़्वार मेरे
तेरी उल्फ़त ने फूँका जान-ओ-दिल को
शिताबी ले ख़बर ऐ यार मेरे
मैं आजिज़ ना-तवाँ मिस्कीं गदा हूँ
शह-ए-हिंद-उल-वली सरकार मेरे
करो नज़र-ए-अता ऐ शाह-ए-आली
सुनो दिल के कभी इज़हार मेरे
तेरे क्या इश्क़ ने आफ़त मचाई
जनाब-ए-सय्यद-ए-अबरार मेरे
तमामी दिल का हो मक़्सूद हासिल
अयाँ हों दिल में सब असरार मेरे
सदा है इश्क़ 'मीराँ शाह के दिल में
हो क़िस्मत में तिरा दरबार मेरे








