सुना रहे हैं कोई गीत रास्ते मुझ को
ये कह रहे हैं मिरे पाँव कान दे मुझ को
अधूरी रक्खी है तस्वीर उस ने दुनिया की
बना ले पूरी तो लिखने को फिर कहे मुझ को
कोई तो इश्क़ का परचम कहीं बुलंद करे
तो आदमी भी कभी आदमी लगे मुझ को
तमाम उम्र सुनी मैं ने अपने दिल की मगर
मैं चाहती हूँ मिरा दिल कभी सुने मुझ को
जो दिल के सीप में कुछ हसरतों के मोती हैं
तिरे उछाले ये कंकड़ हैं मिल गए मुझ को
चराग़ कह के इन आँखों को क्या किया तू ने
कि अब तो रोने में भी डर सा ही लगे मुझ को
मिरे वजूद का पौदा कहो लगेगा कहाँ
निशात-ओ-ग़म की जड़ों में तुम्हीं मिले मुझ को
बनाया ज़ख़्म तो पिघला के मोम भी डाला
हर एक ज़ख़्म ये सूरज सा अब लगे मुझ को
ग़ज़ल के साथ ज़माना तो चल नहीं सकता
नहीं है साँचा कोई जो कि ढाल ले मुझ को








