जब झुकाने लगी दुनिया यहाँ मेआ'र-ए-इश्क़
तब चले आए बचाने उसे बीमार-ए-इश्क़
हँसते हँसते जो चले जाते हैं ख़ुद सू-ए-दार
ऐसे दीवानों से महफ़ूज़ है पिंदार-ए-इश्क़
छा गए चारों तरफ़ वहम-ओ-गुमाँ के बादल
तेरी मिज़्गाँ से गया टूट जो कोहसार-ए-इश्क़
सारी दुनिया को पता है मैं उसे चाहती हूँ
मैं नहीं उस से करूँगी कभी इज़हार-ए-इश्क़
हर सदफ़ में नहीं होता है गुहर वैसे भी
सब के दिल को नहीं मिलता है ये आज़ार-ए-इश्क़
फिर से आबाद नहीं होना तुझे शहर-ए-दिल
फिर से ता'मीर नहीं होता है मिस्मार-ए-इश्क़
मेरी वहदत का नज़रिया है ज़माने से जुदा
किन की आवाज़ को कहते हैं हम असरार-ए-इश्क़
दार तो अपने लिए दैर है दुनिया वालों
और ये तौक़ तो दर-अस्ल है ज़ुन्नार-ए-इश्क़
क़ाफ़ियों और रदीफ़ों में तो फँसने से रही
ऐसे थोड़े न ग़ज़ल होगी गिरफ़्तार-ए-इश्क़








