मुफ़्त

धीरेंद्र 'धवल'धीरेंद्र 'धवल'18 May 1990

1 min read · 12.4K reads

मुफ़्त कुछ भी नहीं होता

यह एक मोहिनी शब्द है वशीकरण का

मुफ़्त की क़ीमत

बहुधा अदृश्य होती है

लेकिन, अप्रत्यक्ष ही सही चुकानी होती है

मुफ़्त की क़ीमत

कुछ नहीं तो समय गँवाना होता ही है

हमारा वह समय जो उत्पादक था

मुफ़्त वस्तुओं से कहीं ज़्यादा

लोगों को ध्यान ही नहीं रहता

लोग पगहा की ख़ुशी में हाथी गँवा देते

जिन्हें लगता है इंटरनेट डाटा मुफ़्त में होता

उन्हें चेक करना चाहिए

अपने फ़ोन का डिजिटल वेलबीइंग

जहाँ मालूम चलता है

आपने पूरे दिन के गँवा दिए कितने क़ीमती घंटे

अनचाहे ही आप बन जाते हैं डिजिटल उपभोक्ता

एक ऐसे उपभोक्ता

जो ग़ैरज़रूरी चीज़ों को भी चाहने लगता

जो बन जाता है अपनी ही कमाई का लुटेरा

जिन्हें लगता है

हवा, पानी और प्रकाश मुफ़्त है

उन्हें अपने पूर्वजों का आभारी होना चाहिए

गाँव के घने बग़ीचे को

जब लकड़ी बेचवा उजाड़ रहा था

अरऽऽरा कर गिरते पेड़ों को देखकर

मेरे बाबा आह भरते हुए कहे थे

इन पेड़ों को लगाने और बड़े होने तक

कंधों पर लादकर भारी-भारी मटकों में पानी

सींचा जाता था इन पेड़ों को

हवा एयर कंडीशन की कहाँ मुफ़्त है

पानी आर.ओ. का कहाँ मुफ़्त है

प्रकाश बिजली का कहाँ मुफ़्त है

बिजली और पानी मुफ़्त में देने वाले

ले लेते हैं उसकी क़ीमत

जंगल, पहाड़ और झरनों की बोली लगाकर

मुफ़्त की चाह में उलझने और भटकने वाले

समय घड़ी में आपका कृत्य अपराध है

धीरेंद्र 'धवल'
About the poet

धीरेंद्र 'धवल'

नई पीढ़ी के कवि। मूल नाम : धीरेंद्र 'धवल' जन्म : 18/05/1990 | मऊ, उत्तर प्रदेश

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like