जो कह दिया वो कर के दिखाना पड़ा मुझे
इस दिल-लगी में जान से जाना पड़ा मुझे
जिस के बग़ैर साँस भी लेना मुहाल था
हाए वो एक शख़्स भुलाना पड़ा मुझे
जीवन में कोई और था दिल में था कोई और
दोनों से हाल दिल का छुपाना पड़ा मुझे
फिर जिस के बा'द मिलने का इम्कान ही न था
आख़िर वो फ़ैसला भी सुनाना पड़ा मुझे
इस बार हौसले से जो ग़म उस के सह गई
एहसान ज़िंदगी का उठाना पड़ा मुझे
चाहत में एक मोड़ जुदाई का था मगर
दिल ने कहा तो लौट के आना पड़ा मुझे
नाराज़ थी मैं उस से मगर इस के बावजूद
कॉलर में उस के फूल सजाना पड़ा मुझे
वो चाहता नहीं था मिरी ज़ात की नुमू
हस्ती को इस लिए भी मिटाना पड़ा मुझे
मैं जिस को देखने की रवा-दार तक न थी
सर उस के सामने भी झुकाना पड़ा मुझे
अपने लहू से दीप जला कर तमाम रात
ऐ इश्क़ तेरा जश्न मनाना पड़ा मुझे
वो रास्ता न भटके 'सदफ़' इस के वास्ते
दरिया में इक चराग़ बहाना पड़ा मुझे








