सीपी में मुक्ता-सा
सुमन में स्वर्णिम
पराग-सा, सुगंध-सा,
कन्या के हृदय में—
अनुराग-सा, एक
मेघ बीच वाष्पबिंदु-सा,
वीणा के तारों में
संगीत-सा;
एक कण्णकि* के
नूपुर के नवरत्न
हास्य-सा, उसकी
आत्मा के स्फुलिंग-सा,
रात में किसी
सराय में पड़े
सोते पथिक के
स्वप्नमय प्रभात-सा;
गोली खाकर
भूमि पर गिरे
सैनिक पर निःसृत
मातृ-हृदय पीड़ा-सा;
थरथराते पुष्प-सा;
सूरज से, जगमगाते
तारों से या
किसी से भी अधिक—
बेचारी इस भूमि को
प्यार उँड़ेलते कवि के
जीवतंतु के अश्रुमुक्ता-सा
मैंने दर्शन किया तेरा।
कण्णकि : तमिल प्रदेश म पत्नी-देवी के रूप में आराध्या एक नारी, जो वास्तव में तमिल प्रबंधम् 'शिलप्पदिकारम्' की नायिका है।








