आख़िर आ बसा यह
किराए का घर भी
हमें पूर्ववत् पसंद आया।
उसके अहाते में एक
शेफालिका हम ने लगाई
सींचकर हमने बढ़ाया उसे,
कोंपले आईं, पत्ते आए,
फूल लगे, गंध आई
शेफालिका के अपना
जूड़ा खोलते ही
छाया में बैठ उसकी गंथ
का पान करते समय
बोली तू धीरे से :
“यह किराए का है घर—
पता नहीं कब ख़ाली
कर जाना होगा।”
सही है, ऐसे कितने
ही घर हम
ख़ाली कर आए होंगे;
हमारे अपने निर्मित
निर्वृति के दुपहरी
क्षणों में।—फिर
नित्य विस्मृति! —दुबारा
एक किराए के घर में
आ बसने का
नया उत्सव मनाते समय;
किसी कारण नई एक,
फलों लदे पौधे की छाया बनाते समय,
एक बात भूल जाएँ
किराए का घर यह भी—
यह दुख! हमारे लिए
यहीं आ बसना मात्र सत्य है।








