शिष्य के वचन
और उसके अभिमत से
विश्वामित्र जान गए
कि शम ने
उनके अहंबोध को
बुझाया नहीं है;
उठते धुएँ की रेखा
जता रही थी
कि भूसे में
अंगारे छिपे हैं।
क्या
दक्षिणा न माँगने की
दया को, कृपा को
धिक्कार तो नहीं रहा है शिष्य?
बोल पड़े गुरुवर :
“तो दे देना तू
ऐसे आठ सौ घोड़े
जो शुभ्र शशि वर्ण हों
मगर प्रत्येक का
एक कान काला हो।”
सहसा चौंक पड़ा शिष्य
एक भेद-भरी मुस्कान
झलक उठी
गुरु के ओठों पर
जैसे कह रही हो
कि
यह सब तेरा ही
स्वयं कृत अनर्थ है।








