“प्रिय वत्स!
शुभ हो यात्रा”—
आशिष दिया गुरुवर ने।
शिष्य के पाँव न उठे;
वह हिचकिचाता
खड़ा रहा वहीं।
“गुरुदेव!
आपने तो
अभी तक नहीं बताया है
कि मेरी गुरुदक्षिणा क्या है”
—शिष्य का यह उपालम्भ।.
“ज्ञान-दान को
गुरु कृपा ही मान लो;
बदले में उसके
दक्षिणा की नहीं है चाह
गालव,
तुम जाओ
हाँ, जाओ”—
विश्वामित्र की वाणी में
छलक रही थी वत्सलता
किंतु
किंचित् अप्रसन्नता भी
उसमें झिलमिलाती-सी
हुई प्रतीत।
शंका उठी
गालव के मन में—
बिना दक्षिणा की
विद्या
कहीं विफल
हो जाए।








