ये जो काम रह गए हैं उन्हें रख के जा रही हूँ

नजमा शाहीन खोसानजमा शाहीन खोसा

1 min read · 12.4K reads

ये जो काम रह गए हैं उन्हें रख के जा रही हूँ

मिरी ज़िंदगी मैं तुझ से बहुत थक के जा रही हूँ

यही दर्द के बसेरे यही हिज्र के अंधेरे

ये जो सिसकियाँ हैं सारी मैं थपक के जा रही हूँ

फ़क़त एक साँस मोहलत मगर इम्तिहान इतने

ये जो तल्ख़ियाँ थीं तेरी उन्हें चख के जा रही हूँ

मिरी प्यास का मुक़द्दर तो ये तिश्नगी ही ठहरी

ग़म-ए-इश्क़ की थी छागल मैं छलक के जा रही हूँ

जहाँ उस ने मुड़ के देखा वहीं ज़िंदगी रुकी थी

ये जो हैरतें हैं दिल की मैं झटक के जा रही हूँ

तिरी ख़ुशबुओं से महकें मिरे ख़्वाब के जज़ीरे

यही आरज़ू थी लेकिन मैं थपक के जा रही हूँ

तिरे लम्स से शनासा नहीं उँगलियाँ ये मेरी

तिरे हिज्र की ज़मीं पर मैं सिसक के जा रही हूँ

मिरी ज़िंदगी तू कह दे कभी जा के चारागर से

कि ये ख़्वाब का है मदफ़न मैं बिलक के जा रही हूँ

किसी आग में जली तू किसी शाम में ढली मैं

नहीं रूह तो बदन में सो ठिठक के जा रही हूँ

नजमा शाहीन खोसा
About the poet

नजमा शाहीन खोसा

LCCN : n2013205355

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like