कभू हम से भी वफ़ा कीजिएगा

मीर असरमीर असर

1 min read · 12.4K reads

कभू हम से भी वफ़ा कीजिएगा

या यही जौर-ओ-जफ़ा कीजिएगा

देखें दुश्नाम कहाँ तक दोगे

दम में सौ बार दुआ कीजिएगा

नज़र आता है गिरह ज़ुल्फ़ से खोल

हर तरफ़ फ़ित्ना बपा कीजिएगा

जान-ओ-दिल से भी गुज़र जाएँगे

अगर ऐसा ही ख़फ़ा कीजिएगा

की है बंदे के लिए ये बे-दाद

रहम टुक बहर-ए-ख़ुदा कीजिएगा

इश्क़ के सदक़े उठाता था दिल

अब तो वो भी नहीं क्या कीजिएगा

अब तो टुक मेरा कहा कीजिए फिर

चाहिएगा सो कहा कीजिएगा

गो उसे अहल-ए-वफ़ा से है ख़िलाफ़

अब 'असर' तू भी वफ़ा कीजिएगा

मीर असर
About the poet

मीर असर

मूल नाम : ख़्वाजा मोहम्मद मीर असर देहलवी जन्म : दिल्ली निधन : दिल्ली, भारत

View profile & all 37 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like