नहीं रोया है पहाड़

खेमकरण ‘सोमन’खेमकरण ‘सोमन’2 Jun 1984

1 min read · 12.4K reads

पहाड़ पर कब नहीं

क़हर ढाती हैं प्राकृतिक आपदाएँ

कब नहीं टूटते हैं मकान

कब नहीं बहते हैं आशियाना

कब नहीं पहाड़ की स्त्रियाँ डर के वजूद में

भूल जाती हैं गीत गाना

कब नहीं मरते हैं बच्चे बूढ़े और जवान

कब नहीं धँसता है पहाड़,

पहाड़ पर

कब नहीं नदियों में बहती हुई लाशें

अटक कर दिख जाती हैं किसी पर्यटक को

या स्थानीय जन को

कब नहीं रोता है पहाड़

रोते हैं पहाड़वासी

कब नहीं मिला है एक हजार करोड़ रूपए

दो हजार करोड़ रूपए

या कब नहीं मिला है पहाड़ के लिए अरबों-खरबों रूपए

फिर कब नहीं हुआ पहाड़ की ख़ुशहाली के लिए हवन

और गबन

कब नहीं रोया है पहाड़

कब नहीं पहाड़ के रोने पर

कर्ता-धर्ताओं को मिला है अवसर

ब्रेक-फ़ास्ट लंच और डिनर का

कब नहीं?

खेमकरण ‘सोमन’
About the poet

खेमकरण ‘सोमन’

नई पीढ़ी के कवि-लेखक। 'नई दिल्ली दो सौ बत्तीस किलोमीटर' चर्चित कविता-संग्रह। मूल नाम : खेमकरण ‘सोमन’ जन्म : 02/06/1984 | नैनीताल, उत्तराखंड

View profile & all 34 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like