काफ़िर हूँ गर किसी को दीवाना जानता हूँ

जोशिश अज़ीमाबादीजोशिश अज़ीमाबादी

1 min read · 12.4K reads

काफ़िर हूँ गर किसी को दीवाना जानता हूँ

अहवाल-ए-क़ैस का भी अफ़्साना जानता हूँ

ऐ शोला-रू ज़बानी है तेरी गर्म-जोशी

मैं ख़ूब रब्त-ए-शम-ओ-परवाना जानता हूँ

जाम-ए-शराब का मैं काहे को मुल्तजी हूँ

आँखों को तेरी साक़ी पैमाना जानता हूँ

कुंज-ए-क़फ़स को सौंपा रोज़-ए-अज़ल क़ज़ा ने

ने दाम जानता हूँ ने दाना जानता हूँ

रहता हूँ मस्त हर दम याद-ए-निगह में उस की

काफ़िर हूँ गर मैं राह-ए-मय-ख़ाना जानता हूँ

तेरे कुनिश्त से मैं वाक़िफ़ नहीं बरहमन

अपने हरीम-ए-दिल को बुत-ख़ाना जानता हूँ

सौदा-ए-इश्क़ जब से मुझ को हुआ है 'जोशिश'

आबादी-ए-जहाँ को वीराना जानता हूँ

जोशिश अज़ीमाबादी
About the poet

जोशिश अज़ीमाबादी

उपनाम : 'जोशिश' मूल नाम : शैख़ मोहम्मद रौशन जन्म : पटना, बिहार निधन : पटना, बिहार

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like