वफ़ा करने आए जफ़ा कर चले

हामिद अज़ीमाबादीहामिद अज़ीमाबादी

1 min read · 12.4K reads

वफ़ा करने आए जफ़ा कर चले

हमें ख़ाक में वो मिला कर चले

ये क्या तुम को सूझी ये क्या कर चले

कि चितवन से बिस्मिल बना कर चले

मुझे क़त्ल तेग़-ए-जफ़ा कर चले

ये क्या कर चले तुम ये क्या कर चले

मिलाई कभी तुम ने जिस से निगाह

उसे अपना शैदा बना कर चले

तिरी राह में मिस्ल-ए-नक़्श-ए-क़दम

हम अपने को क्या क्या मिटा कर चले

इधर आओ बैठो भी आग़ोश में

कहाँ मुझ से आँखें चुरा कर चले

तुम्हें पास अगर बैठना ही न था

तो क्यों हम से तुम दिल लगा कर चले

ज़बाँ पर न लाना था हर्फ़-ए-गिला

तिरी बज़्म से मुँह की खा कर चले

अज़ल का तुम्हें क़ौल है याद भी

कि आए थे क्या कह के क्या कर चले

उठा कर हमें तू ने रुस्वा किया

सज़ा दिल लगाने की पा कर चले

मिटे सैकड़ों कूचा-ए-इश्क़ में

न कम्बख़्त दिल सर उठा कर चले

वो बैठे तो बैठे मिरे दिल पे तीर

चले तो क़यामत बपा कर चले

मुझे रोते में आ के बा'द-ए-फ़ना

वो मय्यत पर आँसू बहा कर चले

वो ठुकरा गए मेरी तुर्बत को क्या

कि फ़ित्ने हज़ारों जगा कर चले

हुआ उन के आगे जो 'हामिद' का ज़िक्र

तो किस नाज़ से मुस्कुरा कर चले

हामिद अज़ीमाबादी
About the poet

हामिद अज़ीमाबादी

उपनाम : 'हामिद' मूल नाम : सय्यद शाह हामिद हुसैन जन्म : पटना, बिहार निधन : पटना, बिहार

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like