इश्क़ में क्या चारागर पैदा किया
दे के दिल दर्द-ए-जिगर पैदा किया
ज़ुल्फ़ चेहरे से हटा कर आप ने
जल्वा-ए-नूर-ए-सहर पैदा किया
गरचे अपनी जान दी फ़रहाद ने
नाम उल्फ़त में मगर पैदा किया
इस तरह उस ने बढ़ाया रब्त-ज़ब्त
रफ़्ता-रफ़्ता दिल में घर पैदा किया
हाल-ए-दिल वो ग़ौर से सुनने लगे
जज़्ब-ए-उल्फ़त ने असर पैदा किया
चोट खाई फ़ुर्क़त-ए-दिलदार की
हम ने पत्थर का जिगर पैदा किया
दिल लगा कर हो गए बीमार-ए-ग़म
बैठे बैठे दर्द-ए-सर पैदा किया
आज तक राह-ए-ख़ुदा में क्या दिया
यूँ तो काफ़ी माल-ओ-ज़र पैदा किया
हम ने अपनी आजिज़ी से आख़िरश
दुश्मनों के दिल में घर पैदा किया
चौंक चौंक उट्ठे वो ख़्वाब-ए-नाज़ से
मेरे नालों ने असर पैदा किया
हुस्न गर तुझ को किया हक़ ने अता
मुझ को भी अहल-ए-नज़र पैदा किया
फ़ित्ना-ओ-शर आदमी में क्यों न हो
उस को जब हक़ ने बशर पैदा किया
मुझ को क़ुदरत ने अज़ल से दोस्तो
उन का मंज़ूर-ए-नज़र पैदा किया
उम्र भर 'हाजिर' ब-जुज़ हुस्न-ए-कलाम
कौन सा हम ने हुनर पैदा किया








