तुम्हें चूमना यूँ तो एक सरल क्रिया भी हो सकती थी
ऐसा संभव था तुम्हें चूमने पर उपमाएँ नहीं उमड़ती
मेरे दोस्त यह भी हो सकता था कि तुम्हें चूमना केवल
तुम्हें चूमना भर होता और उसके पर्याय प्रकृति तक ही होते
लेकिन जैसे सागर को चूमने जाती नदियों पर बना दिए जाते हैं बाँध
जैसे खड़े कर दिए जाते हैं कंक्रीट के शहर
ताकि हवाएँ न छू सकें पत्तियों को
वैसे ही तुम्हें चूमने पर लगी है सरकारी रोक
इसे घोषित कर दिया गया है सत्ता के विरुद्ध
ठीक भी तो है
तुम्हें चूमना उन सभी सत्ताओं के प्रति विद्रोह है
जिन्होंने मुझ जैसे आदमी को
तुम जैसे आदमी से प्रेम करने से रोका है








