लड़कियाँ अक्सर लड़कियों के साथ
भाग जाया करती हैं
उन्हें प्रेम हो जाता है एक दूसरे से ही
उन्हें नहीं ज़रूरत होती मर्दों की
वे नकार देती हैं मर्दों की दुनिया में
उनसे मिला औरत होने का सर्टिफ़िकेट
पिता क्रोधित हो जाता है
भाई घसीट लाता है उन्हें घर
चाचा बताता है कि
मर्द क्या होता है
कई लड़के भी नहीं देखते
लड़कियों के उभरे शरीर
उन्हें लड़कों की हँसी
और खुरदुरे हाथों में
पसंद होता है अपना हाथ देना
वे दुनिया के दूसरे छोर चले जाना चाहते हैं
पिता क्रोधित हो जाता है
भाई घसीट लाता है उन्हें घर
चाचा बताता है कि
मर्द क्या होता है








