एक
मैंने तुमसे माँगा प्रेम
जैसे चिड़ियों ने माँगे पेड़ों से घर
तुमने रख दिया अपना हाथ मेरे कंधे पर
जैसे नदियों ने रखा मछलियों के लिए जल
तुम्हारे हृदय पर ठहरा रहा मेरा माथा
जैसे धरती पर ठहरते हैं पर्बत
तुमने धीमे हाथों से दी मुझे थपकियाँ
जैसे हवाओं ने झुलाई पत्तियाँ
तुमने कहा सब ठीक हो जाएगा
और मैं हो गया समुद्र-सा अथाह
दो
मेरे दोस्त तुमसे प्रेम करना
ख़ुद से कई गुना विशाल हो जाना है
मैं नहीं मानता कि समाया होगा ब्रह्मांड
किसी छोटे बच्चे के मुख में
लेकिन मेरे हृदय में समा जाती हैं
सभी दुनियाएँ
क्योंकि तुमने मुझे प्रेम किया है








