बाढ़ में घिरे लोग

अनुराधा ओसअनुराधा ओस

1 min read · 12.4K reads

बाढ़ में घिरे लोगों की

नहीं होती है कोई जाति

अकिंचन, बेबस दयनीय दृष्टि से

देखते हैं अपना सब कुछ

बाढ़ में कैसे बचाएँ हम

वह जगह जहाँ

तुलसी मैया का चौरा था

जहाँ रोज़ दिया जलाकर

शीश नवाते थे

जलमग्न हो गई,

और जलमग्न हो गई

हमारी प्रार्थनाएँ

बाढ़ में वहीं कहीं

डूबा है गाय का खूँटा

मुक्त कर दिया प्रकृति ने

खूँटे से

कोठार में रखा धान

भीगकर फूल गया

भूसे में रखा गेहूँ

अँखुआ कर बह रहा है

बाढ़ में नहीं बहता केवल

अनाज-बासन

बल्कि बह जाती हैं

उम्मीदें कई

बाढ़ में डूब गया वह आँगन

जहाँ बेटी के ब्याह का मड़वा

छवाने का सपना

दिन-रात देख रही थी धनिया

बाढ़ में बह रही हैं

उम्मीदें और आशाएँ कितनी।

अनुराधा ओस
About the poet

अनुराधा ओस

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘ओ रंगरेज़’ और ‘वर्जित इच्छाओं की सड़क' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like