बहुत पहले माँ ने
कहा था कि
कुछ बनाते समय
उसको याद कर लेना चाहिए
जो उस काम को
अच्छे से करता हो
तो मैं
रसोई बनाते समय
माँ को याद कर लेती हूँ
ज़िंदगी की कड़वाहट
कम करने के लिए
पानी को याद करती हूँ
मन को समतल बनाने के लिए
हल की नुकीली धार को
दुःख को हराने के लिए
समुद्र को
काँटे हटाने के लिए
हंसिया और दराती को
उधड़ी सीवन ठीक करने के लिए
पेड़ की छाल को
कतरन-कतरन जोड़कर
तुरपाई करने के लिए
मकड़ी की जिजीविषा को
मन की बर्फ़ पिघलने के लिए
कुम्हार के आँवा को।








