वेश्या का कुआँ

अनुराधा ओसअनुराधा ओस

1 min read · 12.4K reads

धरती अपनी पीठ पर

लिख रही थी

दुख की फ़ेहरिस्त

आसमान प्रेम से

ताक रहा था

लोग कहते थे उस दिन

भीग गई थी शहर की

काई लगी दीवारें

मिट्टी अपनी हथेलियों को

और नरम बना रही है

ताकि सोख लें

कुछ और नमक

रक्त से सनी सड़कें

वेदना से काँप रही थीं

कोई नया जन्म हुआ शायद

निरंतर घूम रहे

अपने धुरी पर नक्षत्र

और वहीं से बदल

रहे हैं हमारा भाग्य

लोग उसे वेश्या कहते थे

नाम भी रहा होगा कुछ

ख़र्च करती थी स्वयं को

रोज़ एक सिक्के की तरह

बदले में भी मिलते थे

कुछ सिक्के

इन्ही सिक्कों में से कुछ सिक्के

सहेज रही थी

धरती का क़र्ज़ उतारने के लिए

प्यासे गले को तर करने के लिए

एक दिन वही सिक्के गलने लगे

और बनवाया गया रम्मा

कुआँ और गहरा होने लगा

नक़्क़ाशीदार

सुंदर पत्थरों से जगमग

एक वेश्या के शरीर से उतरे

खनखनाते सिक्के

ढल रहे थे कुँओं की भीत पर

समाज की नज़रों में

गिरी हुई औरत थी वह

न जाने कितनी दुआओं के बाद

जन्म लिया था उसने।

अनुराधा ओस
About the poet

अनुराधा ओस

नई पीढ़ी की कवयित्री। ‘ओ रंगरेज़’ और ‘वर्जित इच्छाओं की सड़क' शीर्षक से दो कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like