वह मुग़लसराय से मुँह अँधेरे आने वाली ट्रेन के आने से पहले
साबुन की बट्टी फटाफट घिसती है
अपनी झँवाई देह पर
और जल्दी से नहाकर निबट लेना चाहती है
इस क्रिया से
मानो उसे नौ बजे की ट्रेन पकड़कर
ऑफ़िस जाना हो
और एसी में बैठकर
लेनी हो कोल्ड कॉफ़ी की चुस्की
फटाफट निबटकर भीगी देह पर
पेटिकोट-साड़ी डालकर जल्दी से वहाँ से हटना चाहती है
इसके लिए वह मुँहअँधेरे ही उठ जाती है
किसी की धॅंसने वाली
पथरीली निगाहों से वह बच सके
एक दिन और
एक-एक दिन ख़ुद को बचाकर
अपने सपने को बचाती है
ताकि जल्दी से पहुँच सके
मैडम के अस्त-व्यस्त घर को सँवार दे
गोल फूली रोटियाँ सेंक दे
इससे पहले उसे
कंडे पर मोटी-मोटी रोटियाँ बनाकर रखनी होंगी
मुन्ने को पास के सरकारी स्कूल में
पहुँचाना होता है
पुरानी कील लगी चप्पलें घसीटती हुई औरत की देह
बाथटब का नहीं
रोटी के सपने देखती है।








