मृग जैसे : चौंकी हुई
हवा—एक साँस :
कितना मरुस्थल है अहरह
इन नंगे पैरों के तले
पानी जैसा साफ़ और
अपने उठाव में समतल?
मेरी भूख ही भटकती है रोटी भीतर
यदि वह दूसरे पहर बासी हो जाती है :
आख़िर, अनाज के जंगलों में खोया हुआ
अपने पेट में मुँह देकर
मैं अपनी भूख शांत करता हूँ।
दौड़ते हुए मृग के भीतर मेरे प्राण सूखते हैं तो सूखते हैं।
इस मरुस्थल की इयत्ता में
जब तक मुझे प्यास है, मैं तुम्हें पानी की कमी नहीं रहने दूँगा।








