समय क्या है—
किसी बुज़ुर्ग की हथेली पर रखी रुकी जेबघड़ी
या एक माँ की दरवाज़े पर रखी आँख?
माथे से चुहती पसीने की एक बूँद
या स्टेशन से छूटती गाड़ी को पकड़ता हाथ?
टकटकी बाँधे किसान का आसमान को देखना
निश्चित ही समय होता होगा
जिसके लिए बादलों का बाँध तोड़कर
ईश्वर बहा देता है जल
समय चाँद का अपलक धरती को देखना है
सूरज की ओट से
समय ज़रूर मिट्टी की गोद मे पड़ा कोई शव है
जिसे माँ कहती थी कि वह एक बार जाकर वापस नहीं आता!








