तुम्हारे लिए

योगेंद्र गौतमयोगेंद्र गौतम

1 min read · 12.4K reads

मेरी आँखें धरती की आँखों के बहुत बाद खुली हैं

पर अपनी आँखें खुलने के बाद मैं इसे जगे ही देखता हूँ

रोज़ ख़बरों में देख-सुनकर समझता हूँ

कि पृथ्वी थककर अपनी रात की तरफ़ लौट रही है

इसका सूरज निकले बहुत समय हुआ

हालाँकि जहाँ मेरा सूरज डूबता है,

वह जगह बहुत दूर है उस जगह से,

जहाँ मैं रहता हूँ

जहाँ तुम रहती हो उसके बहुत पास उगता है शाम का तारा

गर्म रातों को जागकर काटते हुए मुझे लगता है कि चाहे जब भी हो,

धरती की रात बेहद ठंडी, शांत और गहरी होगी—

उदास दूधिया चाँद के स्वप्न-सिंधु में डूबी हुई

जब थकी हुई यह नींद के गहरे में अपनी करवट सोई रहेगी,

और उन्मुक्त चंद्र धीरे-धीरे समेट रहा होगा अपनी प्रसृत काया

मैं तुम्हारे लिए गुनगुना रहा होऊँगा लंबी रात की ओस में भीगी, एक धीमी... प्रेमिल धुन।

योगेंद्र गौतम
About the poet

योगेंद्र गौतम

नई पीढ़ी कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like