देखना

योगेंद्र गौतमयोगेंद्र गौतम

1 min read · 12.4K reads

इधर आसमान में सूरज निकला है

उधर लोग घरों से निकले हैं

जिन्हें निकलना था, बस वे नहीं निकले घरों से;

इसमें कोई नई बात नहीं हालाँकि

यह भी बात पुरानी ही है कि हथेली की ओट से

सूरज को देखता हुआ

मैं सोचता हूँ कि सूरज भी देखता हो मुझे

उसी तरह अपनी हथेली की ओट से

जो घरों से नहीं निकले,

क्या वे भी देखते होंगे हमें

किसी ओट से इसी तरह एक दूसरे को देखते हुए?

जैसे-जैसे दिन चढ़ता है

चित् में संशय बढ़ता है, अनिश्चितता बढ़ती है;

विह्वलता बढ़ती है अपने ही आपसे पैदा होती

इसी घटने-बढ़ने के बीच

बहुत कुछ बदला जाता है

वस्तुएँ बदली जाती हैं

रंग बदल जाते हैं

रंगों के रूप बदल जाते है

लेकिन देखने के हमारे स्थान नहीं बदले जाते

इसी तरह नहीं बदले जाते हमारे दृश्य

हमारे दृश्यों में जबकि अभी भी वही चित्र जीवित है

जिसे हम तब देख रहे थे—

अपनी सबसे पहली दृष्टियों से।

योगेंद्र गौतम
About the poet

योगेंद्र गौतम

नई पीढ़ी कवि-लेखक और अनुवादक।

View profile & all 25 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like