ओसारा

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

घर का ओसारा

पहले सड़क के चौराहे तक

टहल आता था

पूरे मोहल्ले की ठिठोली

उसकी जमा-पूँजी थी

ओसारे से गर कोई आवाज़ आती

तो चार कंधे हर वक़्त तैयार मिलते

शाम हो या कि रात

वहाँ पूरा मेला समा जाता था

हर उम्र का पड़ाव था वह

कंचे की चहचहाहट से चिड़िया उड़ तक

ज़ीरो काटा, पोशमपा के गीत

या ज़मीन पर स्तूप का गणित

पिट्ठू फोड़ हो या विष-अमृत की होड़

या फिर ताश और शतरंज में लगाए कहकहे

सबके सब वहाँ अचिंतन विश्राम करते

पर वहाँ आज

हर वक़्त दुपहर का साया है

चौराहे तक पसरा हुआ ओसारा

चढ़ते सूरज में सिमट आया है

ढलती शाम की पेशानी

वहाँ अब टहल नहीं पाती

और न ही उगते सूरज की ताबानी के लिए

कोई जगह शेष है

ओसारा अब स्मृति में भी अवशेष है

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like