जड़

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

पेड़ गिराए जाते हैं

उखाड़े भी जाते हैं

पर जड़ें समूल नहीं उखड़तीं

उन्हें बूँदों का इंतज़ार रहता है

जड़ और पत्थर का प्रेम अगणित है

प्रेम में दोनों

कब बिंध जाते हैं

दोनों को पता नहीं होता

जड़ें पेड़ जनती हैं

ज़मीन जड़ की जननी है

जिस दिन ज़मीन धोखा देती है

जीवन जड़ समेत उखड़ जाता है

किताबों में पढ़ा है

जड़ जीवन है

मेरी जड़ कल रात चुपचाप सूख गई

और मैं अनाथ कहलाता हूँ

आँधियों में गिरे हैं

औंधे मुँह अनगिनत पेड़

जिनकी जड़ों से कोपलें फूट रही हैं

और जड़ों के पोर में ईश्वर चुपचाप सो रहा है

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like