फ़लसफ़ा

यतीश कुमारयतीश कुमार21 Aug 1976

1 min read · 12.4K reads

छोटे-छोटे दु:ख

अपने और पराए दु:ख

जीवन इन्हीं से बनता है

दुःख की मार से

आदमी की बुद्धि कमज़ोर हो जाती है

परंपरा कमज़ोर को

और कमज़ोर होने को विवश करती है

त्वरित उत्तेजना का गला

किसी पट्टे से बँधा नहीं होता

सबसे पहले वह नाम छोटा करती है

और फिर ख़ुद को

अजीब समय है इन दिनों

कि जम्हाई भी संक्रामक हो गई है

वासना अध्यात्म से गलबहियाँ कर रही है

मुझे तीतर की तलाश है

तीतर को दीमक पसंद हैं

दीमक इंसान की लहू में मिल गया है

देखते-देखते

अजनबी दोस्त बन जाते हैं

और दोस्त सलाहकार

ये रिश्तों के ढुलकने के दिन हैं

यतीश कुमार
About the poet

यतीश कुमार

सुपरिचित कवि-लेखक। कविताओं की दो पुस्तकें 'अन्तस की खुरचन' और 'आविर्भाव' शीर्षक से प्रकाशित । मूल नाम : यतीश कुमार जन्म : 21/08/1976 | मुंगेर, बिहार 21 अगस्त 1976 को मुंगेर (बिहार) में जन्मे यतीश कुमार ने कविता और कहानी के साथ-साथ चर्चित उपन्यासों, कहानियों व…

View profile & all 36 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like