तुम छत से छाए
ज़मीन से बिछे
खड़े दीवारों से
तुम घर के आँगन
बादल से घिरे
रहे बौछारों-से
तुम अलबम से दबे पाँव
जब बाहर आते हो
कमरे-कमरे अब भी अपने
गीत गुँजाते हो
तुम वसंत होकर
प्राणों में बसे
लड़े पतझारों से
तुम ही चित्रों-से
फ़्रेमों में जड़े
लदे हो हारों-से
तुम किताब-से धरे मेज़ पर
पिछले सालों-से
आँसू बन कर तुम्हीं ढुलकते
दोनों गालों-से
तुम ही नयनों में
सपनों से तिरे
लिखे त्यौहारों से
तुम ही उड़ते हो
बच्चों के हाथ,
बँधे गुब्बारों-से
यदा-कदा वह डाँट तुम्हारी
मीठी-मीठी-सी
घोर शीत में जग जाती है
याद अँगीठी-सी
तुम्हीं हवाओं में
खिड़की से हिले
बहे रसधारों से
तुम ही फूले हो
होंठों पर सजे
खिले कचनारों-से!








