क्या जाने क्या सोचा होगा
जो भी सोचा अच्छा होगा
दिल को अपने हाथों खो कर
तन्हाई में रोता होगा
दुनिया से हो कर बेगाना
अपने रस्ते चलता होगा
उस के भोले-भाले दिल को
हर इक अपना लगता होगा
धोके-बाज़ों की नगरी में
उस ने किस को परखा होगा
दिल रखना आता है उस को
सब से हँस कर मिलता होगा
'राग' न बद-ज़न होना उस से
हम-साया है अच्छा होगा








