तस्वीर ज़िंदगी की बना कर ग़ज़ल कहूँ
फिर ज़िंदगी में ख़ुद को भुला कर ग़ज़ल कहूँ
ता'बीर-ए-ग़म है ऐसा ये ख़्वाबों का शहर है
कैसे किसी को ख़्वाब दिखा कर ग़ज़ल कहूँ
हर इक नज़र में जागते कितने सवाल हैं
कैसे नज़र किसी से मिला कर ग़ज़ल कहूँ
भूके यतीम लोरियाँ ही सुन के सो गए
आँखों में क्यों न अश्क सजा कर ग़ज़ल कहूँ
कोठों पे चढ़ के रात पशेमान हो गई
फिर कैसे चाँदनी में नहा कर ग़ज़ल कहूँ
वहशत-ज़दा सा लगता है नींदों का शहर भी
ख़्वाबों को अपने अब मैं सुला कर ग़ज़ल कहूँ
तासीर 'राग' मिलती है सब को नसीब से
हाथों को अब दुआ में उठा कर ग़ज़ल कहूँ








