इश्क़ में दोस्तो मज़ा भी है
सख़्त आफ़त भी है बला भी है
बोसा तो मिल चुका मुझे सरकार
मेरी इक और इल्तिजा भी है
मुझ सा आशिक़ कहो ख़ुदा की क़सम
कोई दुनिया में दूसरा भी है
वा'दा कर के बुतो न हम से फिरो
कुछ तो दिल में डरो ख़ुदा भी है
तेरे इस जौर की है कुछ हद भी
इस सितम की कुछ इंतिहा भी है
आज जाता हूँ उस के कूचे को
साथ मेरे मिरी क़ज़ा भी है
मुझ से कहते हैं अब तिरे दिल में
और कोई मिरे सिवा भी है
ऐसे माशूक़ होते हैं कमयाब
बा-वफ़ा भी वो बा-हया भी है
मैं ने छेड़ा जो बज़्म में तो कहा
बे-हया तुझ को कुछ हया भी है
सच कहो 'रंज' सा कोई शाइ'र
हैदराबाद में हुआ भी है








