न भूलना मुझे दिल से मिरी ख़बर लेना

रंज हैदराबादीरंज हैदराबादी

1 min read · 12.4K reads

न भूलना मुझे दिल से मिरी ख़बर लेना

जो याद आऊँ कभी मैं तो याद कर लेना

हुए हैं ख़ब्त में क्या मुब्तला तिरे आशिक़

ज़रूर क्या है कि दिल दे के दर्द-ए-सर लेना

वो सब से कहने लगे ताक कर मिरे दिल को

किसी तरह भी है लेना इसे मगर लेना

शब-ए-विसाल की वो शर्म याद आती है

हया से मुँह पे दुपट्टे को अपने धर लेना

उन्हें मना के ख़ुशामद से इल्तिजाओं से

किसी तरह से जवाब ऐ पयाम्बर लेना

वो आ के लेटे जो पहलू में मेरे वस्ल की शब

कहा ये दिल ने मिरे ख़्वाब रात भर लेना

हमारे दिल के ख़रीदार और भी हैं बहुत

न देर कीजिए मंज़ूर है अगर लेना

जिसे वो चाहें बढ़ाएँ जिसे वो चाहें घटाएँ

ये उन का खेल है दुश्मन को दोस्त कर लेना

दिखा दिखा के न तुम और मुझ को तरसाओ

मैं मर गया तो मिरे बाद बन सँवर लेना

मिला के ख़ाक में दिल को वो मेरे कहते हैं

ये जिस क़दर हुआ नुक़सान हम से भर लेना

जो तुम में है ये कमाल और को नसीब कहाँ

दिखा के जल्वा हर इक को ग़ुलाम कर लेना

हुआ जो क़त-ए-तअल्लुक़ तो क्या ग़रज़ उस से

न आप 'रंज' का अब नाम उम्र भर लेना

रंज हैदराबादी
About the poet

रंज हैदराबादी

मूल नाम : मोहम्मद अली मूसवी

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like