ना'श उस आशिक़-ए-नाशाद की उठवाने दो

जमीला ख़ुदा बख़्शजमीला ख़ुदा बख़्श

1 min read · 12.4K reads

ना'श उस आशिक़-ए-नाशाद की उठवाने दो

अब उसे ज़ेर-ए-ज़मीं चैन से सो जाने दो

दिल बहल जाए तो तन्हाई की कुल्फ़त भी मिटे

शब-ए-फ़ुर्क़त की बलाओं को तो आ जाने दो

सैंकड़ों गौहर-ए-नायाब तो पैदा होंगे

चंद झाले मिरी आँखों से बरस जाने दो

बे कफ़न फेंक ही देना मिरे लाशे को मगर

कूचा-ए-पाक में महबूब के मर जाने दो

लिए बैठा हूँ बयाबान में पहलू ख़ाली

क्या मिलाए हैं जुनूँ तू ने ये वीराने दो

मय की हाजत न कभी मुझ को रही ऐ साक़ी

ख़ूँ से लबरेज़ हैं उन आँखों के पैमाने दो

शम्अ'-रू जाँ भी हुई दिल भी हुआ तुझ पे फ़िदा

जल गए इश्क़ के हाथों से ये परवाने दो

साथ मेरे दिल-ए-नाशाद है तन्हा मैं नहीं

आए हैं दर पे शह-ए-दीं तिरे दीवाने दो

साथ उस ज़ुल्फ़ के उलझे न हमारी क़िस्मत

अब इसे तुम दिल-ए-सद-चाक से सुलझाने दो

होगा पुर-नूर सियह-ख़ाना हमारे दिल का

इस में तुम ग़ौस-ए-ख़ुदा को ज़रा आ जाने दो

रह चुका दैर-ओ-कलीसा में बहुत मुद्दत तक

ऐ जुनूँ सू-ए-हरम अब तो मुझे जाने दो

उन के फ़िक़्रों में न आएँगे ये सच्चे आशिक़

वाइ'ज़ आए हैं जो समझाने तो समझाने दो

फ़ख़्र है नाज़ है उस पर तो 'जमीला' मुझ को

तुम सग-कू-ए-जमाली मुझे कहलाने दो

जमीला ख़ुदा बख़्श
About the poet

जमीला ख़ुदा बख़्श

जन्म : कोलकाता, पश्चिम बंगाल निधन : पटना, बिहार

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like