बरहमन ले के जो मेरे लिए ज़ुन्नार आया
उस ने समझा कि यही बुत का ख़रीदार आया
ख़ुद ख़रीदार हुआ हुस्न-ए-बुताँ का वो कभी
हो के यूसुफ़ वो कभी बर-सर-ए-बाज़ार आया
शौक़ थामे था कमर और तमन्ना बाज़ू
कू-ए-जानाँ में मिरा जब दिल-ए-बीमार आया
लाला-रुख़ कैसा है देखूँ तो ज़रा चल के उसे
किस लिए दिल की इमारत में न वो यार आया
रोज़-ए-रौशन सी शब-ए-तार हुई आँखों में
जिस घड़ी याद तिरा गेसू-ए-ख़मदार आया
हसरत-ओ-यास-ओ-तमन्ना के मिले पुशतारे
कारवाँ 'इश्क़ का मुझ तक ये लिए बार आया
क्या डराता है मुझे तेग़ दिखा कर क़ातिल
मक़्तल-ए-इश्क़ में मरने को मैं तय्यार आया
तल्ख़ी-ए-मर्ग भी देने लगी मुझ को लज़्ज़त
सर-ए-बालीं दम-ए-मुर्दन जो मिरा यार आया
मेरे दिलबर के तसव्वुर ने किया इस को हसीं
मैं न समझा ये क़ज़ा आई कि वो यार आया
कोई ले जा के मिरे दिल को ये कहता उस से
ले तिरे गेसू-ए-पुर-ख़म का गिरफ़्तार आया
ऐ 'जमीला' न मिला बुत न मिला मुझ को ख़ुदा
मैं तो उस हस्ती-ए-मौहूम में बे-कार आया








