होवे मशहूर न क्यों आशिक़-ए-बदनाम बुरा
इश्क़ कहते हैं जिसे है ये बहुत काम बुरा
देखें अंजाम हो क्या उस का ख़ुदा ख़ैर करे
दाम-ए-उल्फ़त में फँसा है दिल-ए-नाकाम बुरा
तू भी आशिक़ हो किसी पर तो खुले हाल तुझे
दिल लगा होता है सुन ओ बुत-ए-ख़ुद-काम बुरा
नंग-ओ-आर उन को न हो मिलने से मेरे क्यूँ कर
सच है कम्बख़्त इस उल्फ़त ही का है नाम बुरा
'ऐश' आग़ाज़-ए-मोहब्बत ही में था दिल को कहा
देख होता है बुरे काम का अंजाम बुरा








