उम्र भर की दोस्ती का हाँ भरम रक्खा न था
बा'द मुद्दत के खुला मुझ पे कि वो मेरा न था
यूँ जलाए ज़िंदगी भर मैं ने यादों के चराग़
सामने जिन के चराग़-ए-दीगराँ जलता न था
कल मैं उस की गुफ़्तुगू सुनती रही सुनती रही
इस मोहब्बत से वो पहले तो कभी बोला न था
कुछ तो अंदाज़ा था मुझ को उस की आँखों का मगर
दिल की हालत का ये उस ने बाब यूँ खोला न था
सोचती हूँ क्यूँ मैं जैसे गुंग हो कर रह गई
इस तरह सीने में दिल पहले कभी धड़का न था
ए'तिराफ़-ए-इश्क़ ने नमनाक की आँखें मिरी
आँख में काजल क़सम है इस तरह फैला न था
उस की ख़्वाहिश थी सो 'फ़र्ख़न्दा' मैं क़ाइल हो गई
वो पयाम-ए-इश्क़ भेजेगा कभी सोचा न था








