न रास आया मोहब्बत का ये ख़ुमार मुझे
मैं बे-क़रार हूँ पल भर नहीं क़रार मुझे
पुकारता था मुझे प्यार से जो बू-ए-गुलाब
उसी ने काँटों का पहना दिया है हार मुझे
जो मेरे प्यार को ठुकरा के हो गया अंजान
क्यूँ अपनी याद दिलाता है बार बार मुझे
दिला रहा है मोहब्बत का फिर यक़ीं मुझ को
चला गया जो मोहब्बत में कर के ख़ार मुझे
न कर सकूँगी मैं 'ख़ंदा' अब ए'तिबार उस का
पता है क्या है मोहब्बत का कारोबार मुझे








