करूँ तुझ से बेवफ़ाई ये कभी रवा नहीं था
उसे बेवफ़ा न कहना कि वो बेवफ़ा नहीं था
ये किसी की साज़िशें थीं या थी मर्ज़ी-ए-ज़माना
मिरा तुझ से दूर होना मिरा फ़ैसला नहीं था
कहीं दूर आ गई थी मैं हुदूद-ए-ज़िंदगी से
मिरे पास वापसी का कोई रास्ता नहीं था
मिरे हालत-ए-ज़ुबूँ से था हर एक शख़्स वाक़िफ़
मैं ये कैसे मान जाऊँ कि तुझे पता नहीं था
रही साथ ज़िंदगी के मैं कुछ ऐसे ज़िंदगी भर
मिरा ज़िंदगी से जैसे कोई वास्ता नहीं था
रहे दिल पे ऐ ज़माने तिरा ज़ोर-ओ-जब्र कब तक
क्या फ़क़त तिरा ख़ुदा था क्या मिरा ख़ुदा नहीं था
उसे भूलने की 'ख़ंदा' की हज़ार बार कोशिश
उसे भूलने का लेकिन मुझे हौसला नहीं था








