ग़म-गुसारी का है आलम दूर तक
घास पर फैली है शबनम दूर तक
एक ही जैसी फ़ज़ा है चार-सू
एक ही जैसा है मौसम दूर तक
ज़ख़्म अपने देख कर ज़ाहिर हुआ
बाँटता है कोई मरहम दूर तक
छेड़ती है बे-ख़ुदी के सिलसिले
शब के सन्नाटों में सरगम दूर तक
अपने मुस्तक़बिल से होते बा-ख़बर
देख पाते काश जो हम दूर तक
साहिल-ओ-दरिया को 'ख़ंदा' क्या लिखूँ
देखती हूँ कोई संगम दूर तक








