पुराने उम्रदराज़ दरख़्तों से छिटकती छालें
क़ब्र पर उगी ताज़ा घास पर गिरती हैं
अतीत चौकड़ी भरते घायल हिरण की तरह
मुझमें से होते भविष्य में छलाँग लगता है
मैं उजाड़ मैं एक संग्रहालय हूँ
हिरण की खाल और एक शाही वाद्य को
चमका रही है उतरती हुई धूप
पुरानी तस्वीरें मुझ पर तोप की तरह तनी हैं
भूख की छायाओं और चीख़ों के टुकड़ों को दबोचकर
नरभक्षी शेर की तरह सजा-धजा बैठा है जीवित इतिहास
कल सुबह स्वतंत्रता-दिवस का झंडा फहराने के बाद
जो कुछ भी कहा जाएगा
उसे बर्दाश्त करने की ताक़त मिले सबको
मैं शायद कुछ ऐसा ही बुदबुदा रहा हूँ।








