श्रम की मुस्कान

बच्चा लाल 'उन्मेष'बच्चा लाल 'उन्मेष'

1 min read · 12.4K reads

श्रम, सीकर और सृति लहू से आई ये बहार है

आप ही न खिल सके यहाँ फूल तो तैयार है।

बारूद बँदूकें, खड्ग-ढाल, आज सब बेज़ार हैं

बगिया है रणभूमि यहाँ, फूल आज हथियार है।

रोज़ घाटा सहता हूँ, फिर भी जुर्रत करता हूँ

काँटों के देश में मेरा जो फूलों का व्यापार है।

फूलों-सा खिलखिलाना, काँटों से भरी राहों में

मुस्कान प्रकृति का दिया सबसे बड़ा उपहार है।

ख़ून के बदले ख़ून का, गर यहाँ रिवाज है

तो फूल ही फेंका हूँ बंधु, फूल ही उधार है।

कभी आना मेरे यहाँ, यहाँ डलिया भर-भर प्यार है

यहाँ बारूद की महक नहीं, सिर्फ़ फूलों का बाज़ार है।

जो फूलों का ख़रीददार है भई वही तो मेरा यार है

जो बंदूक़ की नलियों को बनाता, गुलदस्तों का ज़ार है।

बच्चा लाल 'उन्मेष'
About the poet

बच्चा लाल 'उन्मेष'

सुपरिचित कवि। 'कौन जात हो भाई', 'छिछले प्रश्न गहरे उत्तर' और 'बहार के पतझड़' शीर्षक से तीन कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like