जब भूखा इंसान रोटी की चाह भूल जाए
और भटका इंसान घर की राह भूल जाए
उसे राष्ट्रवाद की दारू कोई भी पिला सकता है।
जो शोषकों का किया गया अपराध भूल जाए
जो अब तक ग़ुलामी का चखा स्वाद भूल जाए
उसे अध्यात्म का पाठ कोई भी पढ़ा सकता है।
जो किसान पाले की मार भूल जाए
और अनिश्चित वर्षा की धार भूल जाए
उसके खेत में साँड़ कोई भी हाँक सकता है।
जब शेर स्वाभाविक दहाड़ भूल जाए
ऊँट को देख ऊँचाई पहाड़ भूल जाए
उस शेर को घास कोई भी खिला सकता है।
जब डोली उठाना कहार भूल जाए
और आँगन में आना बाहार भूल जाए
उसका मड़वा एक अदना पवन भी हिला सकता है।
जब दहलीज़ पर जलना चराग़ भूल जाए
अलि बागों में जाए पर पराग भूल जाए
उसे बेरोज़गार का मारा कोई भी बना सकता है।
जब कोयल को पालना काग भूल जाए
माँ बथुआ और सरसों का साग भूल जाए
उस घर को पिंजड़ा कोई भी बना सकता है।
जब गमले का पौधा बढ़वार भूल जाए
खाद रसद और पानी की मार भूल जाए
उसे बोनसाई-सा पौधा कोई भी बना सकता है।








