उजाले लंबे होते जा रहे हैं और अँधेरे बहुत गर्म
उम्र अभी केवल पैंतीस की है
लेकिन ऋतुएँ महसूस होना बंद हो गई हैं
और ख़ुशबुएँ भी और स्त्रियाँ भी
उँगलियों से जब माथा छुओ तो वहाँ विरक्ति का ज्वर मालूम पड़ता है
दुःख को इतना नज़दीक से देखा है कि वह दूर चला गया है
यह एक छल है या दुःख से मोहभंग की शुरुआत
कि इन लंबे उजालों और बहुत गर्म अँधेरों के बीच उसने
अपनी दिनचर्या कुछ यूँ निर्धारित कर ली :
आठ घंटे नींद-महत्वाकांक्षा के लिए
एक घंटा सेक्स-घृणा के लिए
एक घंटा संगीत-शराब के लिए
एक घंटा शौचालय-आत्ममंथन-गायन के लिए
दो घंटे आवाजाही के लिए
दो घंटे फ़ाइलों के लिए
चार घंटे बकचोदी के लिए
पंद्रह मिनट अनार के जूस के लिए
पैंतालीस मिनट आहार के लिए
दो मिनट प्रगतिशीलता-स्त्रीविमर्श के लिए
दो मिनट धर्मनिरपेक्षता-सांप्रदायिकता के लिए
दो मिनट सवर्ण-विरोध के लिए
एक मिनट आज़ादी के लिए
तीस सेकेंड दलित-विमर्श के लिए
दो सेकेंड आदिवासियों के लिए
एक सेकेंड जनवाद के लिए
और इस सबके साथ-साथ इस सबके बीच बाक़ी बचा वक़्त अवसरवाद के लिए।








